शाहाबाद। प्रदेश के राजस्व राज्यमंत्री छत्रपाल गंगवार ने मंगलवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे तहसील का औचक निरीक्षण किया। भूलेख कार्यालय में सिर्फ एक कर्मी मिला। अन्य कर्मचारियों के गैरहाजिर मिलने, अभिलेखों का रखरखाव अच्छा न मिलने और सफाई व्यवस्था खराब होने पर राज्यमंत्री ने नाराजगी जताई। एसडीएम कोर्ट के निरीक्षण में 600 मुकदमे लंबित मिले।
शाहाबाद तहसील पहुंचे सूूबे के राजस्व राज्य मंत्री छत्रपाल गंगवार को निरीक्षण के दौरान भूलेख कार्यालय में केवल राजस्व निरीक्षक सियाराम काम करते मिले, जबकि अन्य कर्मचारी गैरहाजिर मिले। आनन फानन में कर्मचारियों को फोन कर कार्यालय बुलाया गया। कंप्यूटर कक्ष में अभिलेख अस्त व्यस्त रखे मिलने पर राज्यमंत्री का पारा चढ़ गया।
उन्होंने इस पर नाराजगी जताई और अभिलेखों का रखरखाव सही ढंग से किए जाने के निर्देश दिए। एसडीएम कोर्ट के निरीक्षण में 600 मुकदमे लंबित मिले। इस पर उन्होंने कोर्ट के अहलमद देवेंद्र पांडे को दिसंबर में 70 प्रतिशत मुकदमों को निस्तारित कराने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन तहसील भवन का निरीक्षण किया। तहसील के अधिवक्ता रामसनेही मिश्रा, महामंत्री अमित गुप्ता, अमित मिश्रा, ज्ञानप्रकाश पाल, नीरज दीक्षित व अजय सिंह आदि ने राजस्व मंत्री से मुंसिफ भवन में न्यायिक कार्य शुरू कराने जाने की मांग की।