फोटो-13- सवायजपुर कोतवाली में प्रदर्शन करते हिन्दू वादी संगठन के लोग। संवाद
फोटो-14- शहर कोतवाली के बाहर सड़क जाम कर प्रदर्शन करते हिंदू संगठन के लोग। संवाद
फोटो-15- शहर कोतवाली में प्रदर्शन करते भाजपा महिला सभा की पदाधिकारी व पूर्व सैनिक। संवाद
- घटना को लेकर जिलेभर में हिंदू संगठनों का विरोध-प्रदर्शन, लगाया जाम
- प्राथमिकी दर्ज. आरोपी सपा नेता को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया
- सपा ने की निंदा, जिलाध्यक्ष बोले-वर्मा की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर दी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
हरपालपुर/सवायजपुर/पाली/हरदोई। सपा के प्रदेश सचिव यदुनंदन लाल वर्मा के बयानों से जुड़े वायरल वीडियो ने हिंदूवादी संगठनों में उबाल ला दिया। सपा नेता ने भगवान श्रीराम और माता कौशल्या पर सार्वजनिक सभा में आपत्तिजनक टिप्पणी की है। वायरल वीडियो में वह टिप्पणी करते साफ दिखाई भी दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन किए। हरपालपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी सपा नेता यदुनंदन लाल वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि न्यायिक हिरासत में 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से इस मामले में कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो एक वीडियो में हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के कनत्थूखेड़ा गांव निवासी सपा के प्रदेश सचिव यदुनंदन लाल वर्मा भगवान श्रीराम पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते दिख रहे हैं। वीडियो में वह भगवान श्रीराम, माता कौशल्या के साथ ही हिंदू धार्मिक ग्रंथों पर भी अभद्र और भ्रामक टिप्पणी की है, हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
हिंदूवादी संगठनों के विरोध को देखते हुए कोतवाली पुलिस के उप निरीक्षक विजय शुक्ल की तरफ से सपा नेता यदुनंदन लाल वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर यदुनंदन लाल वर्मा की तलाश की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी के ठिकानों की जानकारी के लिए उसके पुत्र अनिरुद्ध मित्र लोधी को कोतवाली लाया गया है। आरोपी सपा प्रदेश सचिव यदुनंदन लाल वर्मा इससे पहले 2008 में हुए उपचुनाव में भाजपा के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। इसके पहले वह बसपा के टिकट पर भी दो बार किस्मत आजमा चुके हैं।
विभिन्न संगठनों ने जताया विरोध, कार्रवाई की मांग
सवायजपुर। भगवान श्रीराम पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में हिंदू संगठन के लोगों ने सवायजपुर कोतवाली में धरना-प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष शिवम शुक्ला, रितेश त्रिपाठी, ऋषभ त्रिपाठी, शिवांशु भदौरिया, धीरज सिंह, अनमोल अग्निहोत्री, कुलदीप तिवारी, सत्यदेव मिश्रा, तुलसीराम मिश्रा, रोहित सिंह, अनुराग भदौरिया, अंशु आदि बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में शामिल रहे। थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने हरपालपुर कोतवाली पुलिस की तरफ से कार्रवाई की जानकारी देकर सभी को शांत कराया।
पाली। प्रभु श्रीराम और माता कौशल्या पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में नगर में विरोध-प्रदर्शन हुए। भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश रंजन ने थाने में तहरीर देकर आरोपी नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजपाइयों ने रामलीला चौराहे पर विरोध स्वरूप यदुनंदन वर्मा का पुतला फूंकने का भी प्रयास किया लेकिन पुलिस ने रोक दिया।
वहीं शहर में भी विरोध प्रदर्शन हुए और युवाओं ने कोतवाली के सामने सांडी सड़क पर जाम लगा दी। समझा-बुझाकर जाम खुलवाया गया। भाजपा नेता पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंबुज शुक्ला के नेतृत्व में नगर अध्यक्ष भाजपा मुदित वाजपेयी, अभिषेक मिश्रा हनी, अंकित अवस्थी, आदर्श मिश्रा, मुनि मिश्रा, आयुष ठाकुर, कमल सिंह, चित्रांश गुप्ता, अभय दीक्षित सनी, आयुष कुमार सिंह, मोहित दीक्षित, हरिप्रताप सिंह, गोपाल अग्रवाल, आशु शुक्ला, उत्कर्ष शुक्ला आदि ने प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की।
वीरांगना सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान और पूर्व सैनिकों ने कोतवाली पहुंचकर विरोध जताया और कार्रवाई की मांग की। बार एसोसिएशन के महामंत्री पंकज सिंह, हरदोई सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक अग्निहोत्री, कुसुम सिंह, शौर्य सिंह, सुहाना जैन, नितिन गुप्ता, अमित त्रिवेदी रानू, सुमित, सैनिक प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक पुष्पेंद्र बहादुर सिंह, प्रशांत शुक्ला, रीता सिंह आदि मौजूद रहीं।
सपा ने किया किनारा, बयान की निंदा
सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली ने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं पर यदुनंदन लाल वर्मा के बयानों की जानकारी है। ऐसे बयान से शर्म आ रही है। यदुनंदन लाल वर्मा की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर दी गई है। बयान की निंदा की और कहा कि यदुनंदन लाल वर्मा पर कार्रवाई के लिए प्रदेश संगठन को लिखा गया है। यह कई पार्टियों में रह चुके हैं और मनचले टाइप नेता हैं।