फोटो-16- मुरारी लाल। फाइल फोटो
- शुक्रवार सुबह हुई बारिश के दौरान हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलग्राम (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के हैबतपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से गेहूं की फसल की कटाई कर रहे एक किसान की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह बारिश के दौरान करीब 11 बजे हादसा हुआ।
हैबतपुर निवासी मुरारी लाल (45) खेत में तैयार गेहूं की फसल की कटाई करने गए थे। इसी दौरान आकाश में उठे काले बादलों से बारिश के साथ ही आकाशीय बिजली चमकने लगी। अचानक गिरी बिजली की चपेट में आकर किसान मुरारी लाल की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी उमरा देवी ने बताया कि पति मुरारी लाल अपने खेत में गेहूं की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज कड़क के साथ बिजली सीधे उनके ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण पहुंचे। परिजन तत्काल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम लेकर आए। यहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। के परिवार में दो पुत्र नितिन व दीपक और एक बेटी मोहिनी हैं। सीएचसी की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम कराया गया है।