शाहाबाद। लॉकडाउन का पालन सख्ती से कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने कड़े कदम उठाना शुरू कर दिए हैं। गुरुवार से शाम को पांच बजे के बाद शाहाबाद कस्बे में कोई दुकान नहीं खुलेगी। इस व्यवस्था का पालन कराने के लिए एसडीएम ने बुधवार को अपने कार्यालय में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की।
शाहाबाद कस्बे में लॉकडाउन के दौरान अलग-अलग वस्तुओं की दुकानें खुलने का समय निर्धारित है। शाम पांच बजे के बाद भी कुछ दुकानें खुल रही थीं, लेकिन अब शाम को पांच बजे के बाद मेडिकल स्टोर, किराना स्टोर, सब्जी की दुकानें और दूध की दुकानें भी पूरी तरह बंद रहेंगी। एसडीएम एपी श्रीवास्तव ने बताया कि सीओ उमाशंकर सिंह, कोतवाल महेशचंद्र पांडेय, उपनिरीक्षक राजेश्वर त्रिपाठी आदि के साथ बैठक कर रणनीति बना ली गई है।