हरदोई। शाहजहांपुर मार्ग पर सोमवार देर रात पति के साथ बाइक से जा रही महिला की शॉल बाइक के पहिये में फंस गई। इसके कारण महिला गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाने तक उसकी सांसें थम गईं।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गढ़िया निवासी रामू दिल्ली में मजदूर है। वह दो दिन पूर्व दिल्ली से पत्नी सीमा (32) के साथ गांव आया था। सोमवार को वह बाइक से पत्नी को लेकर हरदोई आया था। देर रात वह सीमा के साथ बाइक से घर जा रहा था। देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शाहजहांपुर मार्ग पर असिगांव के निकट सीमा की शॉल बाइक के पिछले पहिये में फंस गई।
इससे सीमा बाइक से नीचे जा गिरी। सिर पर चोट आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। रामू राहगीरों की मदद से सीमा को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गया लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया। रामू ने बताया कि उसके कोई संतान नहीं हैं। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर मंगलवार को पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।