किशोरी से पूछताछ करते एसओ दीपक सिंह रघुवंशी ।
- फोटो : amarujala
पाली। मानसिक बीमार किशोरी ने गर्रा नदी में छलांग लगा दी। किशोरी को नदी में डूबता देख मछुआरों के साथ एसओ दीपक सिंह रघुवंशी ने भी किशोरी को बचाने में नदी में छलांग लगा दी। किशोरी को नदी से निकाल कर पुलिसकर्मी थाने ले गए । जहां पर परिजनों को बुलाकर पूछताछ की गई। उसके बाद किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला मलिकाना निवासी सलीम राजमिस्त्री का काम करता है। उसकी 16 बर्षीय बेटी सोनी करीब दो साल से मानसिक बीमार है । उसका बरेली में इलाज चल रहा है। सलीम शनिवार को बेटी की दवा लेकर आया था। रविवार रात वह परिजनोें के साथ कहीं गया था। घर में बाहर से कुंडी लगाकर बेटी को घर छोड़ गया था।
रात में किशोरी दीवार फांदकर घर से निकल गई । घर से करीब तीन किलोे मीटर शाहाबाद रोड पर गर्रा नदी के पुल पर पहुंची। उसने नदी में छलांग लगा दी। सुबह करीब 4 बजे एसओ दीपक सिंह रघुवंशी पुलिस टीम के साथ गश्त कर लौट रहे थे । उन्होंने किशोरी को नदी में कूदता देख लिया। एसओ ने नदी के किनारे मौजूद मछुआरों को आवाज लगाई।
मछुआरों को पहुंचने में देर होती देख एसओ ने खुद ही नदी में छलांग लगा दी। तब तक मछुआरे भी आ गए। एसओ के इस साहस की लोगों ने सराहना की। किशोरी के पिता सलीम अन्य परिजनों के साथ थाने पहुंचे। पुलिस ने पूछताछ के बाद किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।