हरदोई। सुप्रीम कोर्ट के समायोजन रद्द करने के बाद उप्र प्राथमिक शिक्षामित्र संघ और आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोएिशन के संयुक्त आह्वान पर सोमवार को लखनऊ में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने बसों से जा रहे शिक्षामित्रों को पुलिस ने सिनेमा चौराहे पर रोक लिया और इन्हें पुलिस लाइन ले जाया गया। नाराज शिक्षामित्रों ने जेल रोड पर सड़क पर बैठककर नारेबाजी की। पुलिस ने गैरजनपदों सहित जिले के 474 शिक्षामित्रों को हिरासत में ले लिया, हालांकि सुबह साढ़े छह बजे उन्हें घर वापस जाने की शर्त पर लोनार और शाहजहांपुर रोड पर शहर की सीमा से बाहर छोड़ दिया। इसके साथ ही रेलवे, रोडवेज सहित वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पकड़े शिक्षामित्रों को वहीं पर कुछ देर रोककर छोड़ दिया गया।
शिक्षामित्रों का समायोजन रद्द होने के बाद शिक्षामित्र आंदोलनरत हैं। सोमवार को लखनऊ में आयोजित प्रदर्शन को देखते हुए शिक्षामित्रों को जिला मुख्यालय की सीमा से बाहर न जाने को लेकर पुलिस प्रशासन भी चुस्त दुरुस्त दिखाई दिया। रात करीब दो बजे बसों से लखनऊ जा रहे शाहजहांपुर, बदायूं, बुलंदशहर के शिक्षामित्रों को सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह, शहर कोतवाल भगवान सिंह ने सिनेमा चौराह पर रोक लिया। इन शिक्षामित्रों को पुलिस लाइन में लाया गया। इस बीच कुछ शिक्षामित्रों और पुलिस के बीच कहासुनी हुई। पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज शिक्षामित्र जेल रोड पर सड़क पर बैठकर प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
पुलिस ने 13 बसें भी पुलिस लाइन में खड़ी करा दीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष संतोष शुक्ला, बदायूं के शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष निर्भान सिंह यादव समेत 474 शिक्षामित्रों को शांतिभंग के तहत हिरासत में ले लिया गया। उधर, रेलवे स्टेशन पर भी ट्रेनों में एलआईयू प्रभारी श्रीश शर्मा ने पुलिसकर्मियों के साथ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान करीब एक दर्जन से अधिक शिक्षामित्रों को हरदोई रेलवे स्टेशन पर ही रोक लिया। पुलिस ने इन शिक्षामित्रों को सुबह 10 बजे तक रेलवे स्टेशन पर रोके रखा, इसके बाद इन्हें घर वापस भेज दिया।
पुलिस को चकमा दे, लखनऊ रवाना हुए हजारों शिक्षामित्र
पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के बावजूद जिले से हजारों की संख्या में पदाधिकारियों सहित शिक्षामित्र लखनऊ में आयोजित प्रदर्शन में पहुंचने में कामयाब हुए। अधिकतर शिक्षामित्र रोडवेज बसों व निजी वाहनों से लखनऊ के लिए रवाना हुए। शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष मनीराम ने बताया कि सुबह चार बजे तक करीब 1500 शिक्षमित्र लखनऊ पहुंच चुके हैं।
लखनऊ चुंगी पर पुलिस का रहा कड़ा पहरा
शिक्षामित्रों के लखनऊ में प्रदर्शन को देखते हुए पुलिसकर्मियों का रात से लखनऊ चुंगी पर कड़ा पहरा रहा। यहां से गुजरने वाले वाहनों, बसों को रोककर पुलिसकर्मियों ने तलाशी ली। शिक्षामित्र के शक में कई लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इन जिलों के थे शिक्षामित्र
पुलिस ने जिले के 18, बदायूं के 283, शाहजहांपुर के 82, बुलंदशहर के 91 शिक्षामित्रों को रात में हिरासत में लेकर सुबह घर जाने की शर्त पर छोड़ दिया।