फोटो-21- नगर पंचायत के गेट पर प्रदर्शन करते सफाईकर्मी। संवाद
- फोटो : HARDOI
कछौना। हड़ताली सफाई कर्मियों ने बुधवार सुबह भी नगर पंचायत गेट पर ताला डालकर प्रदर्शन किया। उन्होंने मांगें न माने जाने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कही। हड़ताल के कारण नगर की सफाई व्यवस्था ठप है। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं।
साथी कर्मियों को काम पर वापस रखने व अभद्रता करने के आरोप में ईओ पर कार्रवाई की मांग को लेकर सफाईकर्मी हड़ताल पर हैं। बुधवार सुबह स्थायी संविदा ठेका सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार धानुक की अगुवाई में कर्मियों ने नगर पंचायत गेट पर ताला डालकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
चेयरमैन प्रतिनिधि गोल्डी विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे और कर्मियों को समझाया। कर्मियों ने ताला तो खोल दिया लेकिन मांगों पर अड़े रहे। संघ के प्रदेश अध्यक्ष जितेेंद्र कुमार ने कहा कि संगठन की मांगें स्पष्ट हैं। जब तक हटाए गए संविदा कर्मियों को काम पर वापस नहीं रखा जाता और नगर पंचायत ईओ पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
मंगलवार शाम पदाधिकारियों ने कोतवाली पहुंचकर ईओ के खिलाफ तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। दो दिन से सफाई न होने से लोग गंदगी के कारण परेशान हैं।