हरदोई। शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस पर जिले भर के थानों में शिकायतें सुनीं गईं। डीएम अविनाश कुमार और एसपी अजय कुमार ने मझिला थाने पहुंचकर राजस्व कर्मियों और पुलिसकर्मियों की शिकायतों का निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया। डीएम ने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। लापरवाही माफ नहीं की जाएगी। एसपी ने पुलिसकर्मियों को राजस्वकर्मियों के साथ सामंजस्य बनाकर कार्य करने को कहा।
संडीला/हरपालपुर। संडीला कोतवाली परिसर में कोतवाल बेनीमाधव त्रिपाठी की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। जिसमें 8 शिकायतें आईं। वहीं हरपालपुर कोतवाली में प्रभारी कोतवाल अनिल सिंह की अध्यक्षता में हुए दिवस में सात शिकायतें आईं, जिनमें दो का मौके पर निस्तारण हुआ। अरवल थाने में एसडीएम सवायजपुर दीपक वर्मा की अध्यक्षता में लगे दिवस में 22 शिकायतें आईं। जिसमें से तीन का मौके पर निस्तारण हुआ।
हरियावां। हरियावां में एसडीएम सदर दीक्षा जैन की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ, जिसमें राजस्व संबंधी 14 शिकायतें आईं। राजस्व निरीक्षक संजय तिवारी ने बताया पिछले प्रार्थना पत्रों का निस्तारण भी किया जा रहा है। यहां एसओ अनिल कुमार सक्सेना समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बघौली। सीओ हेमंत कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में शनिवार को थाने में समाधान दिवस हुआ। इस दौरान हड़हा गांव निवासी संध्या ने सीओ को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि प्रधान व उसके साथियों ने उसकी झोपड़ी गिरा दी है। आरोपियों ने विरोध करने पर उसके व उसके पति के साथ मारपीट भी की। मामला संज्ञान में आने पर सीओ ने कार्रवाई किए जाने का आदेश दिया है।