हरदोई। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम हो रही है। वहीं शुक्रवार को भरावन ब्लॉक के एक कोरोना संक्रमित सफाईकर्मी की मौत हो गई, जबकि 62 नए संक्रमित और मिले हैं। संक्रमण की रोकथाम के प्रति लोग गंभीरता नहीं बरतते दिखाई दे रहे हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण से कुुछ हद तक राहत मिलनी शुरू हो गई है। जहां प्रतिदिन औसतन दो सैकड़ा से ऊपर संक्रमित मिल रहे थे। वहीं, अब संक्रमितों का आंकड़ा 50 के आसपास ही रह गया गया है।
इधर, भरावन ब्लॉक के गांव निवासी युवक (35) सफाईकर्मी था। एक सप्ताह पूर्व उसकी तबीयत खराब हो गई थी। परिजन उसे संडीला सीएचसी ले गए थे। जहां पर उसकी कोविड जांच हुई थी।
डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया था। यहां पर उसकी दोबारा कोविड जांच की गई थी। बृहस्पतिवार को उसकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई थी।
शुक्रवार को उसने लखनऊ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इससे अब जिले में कोरोना से मौतों का आंकड़ा 363 पर पहुंच गया है। शुक्रवार को 62 नए संक्रमित और मिले हैं।
सीएमओ ओपी तिवारी ने बताया कि लोग कोरोना गाइडलाइन के पालन के प्रति गंभीर नहीं हैं। जिसके कारण जिले को संक्रमण मुक्त बनाने में मुश्किलें आ रहीं हैं। उन्होंने आम जनमानस से सावधानियां बरतने की अपील की है।
उधर, जिले में लक्ष्य के अनुसार कोरोना जांचें की जा रहीं हैं। शुक्रवार को कोविड सेंटरों पर 3896 लोगों ने कोरोना की जांच कराई।