हरदोई। पिहानी-चपरतला प्रमुख जिला मार्ग से हरियावां ब्लॉक मुख्यालय को दो लेन सड़क से जोड़ा जाएगा। हरियावां ब्लॉक मुख्यालय होते हुए कोरिगवां-शाहपुर वाया जलालपुर, थमरवा से पेंग तक अन्य जिला मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण पर करीब 16.34 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मार्ग के दो लेन में बन जाने से करीब एक लाख से अधिक आबादी को आवागमन में आसानी की उम्मीद है।
हरदोई-पिहानी-चपरतला मार्ग के 16वें किलोमीटर से हरियावां ब्लॉक मुख्यालय को जोड़ते हुए कोरिगवांं-शाहपुर वाया जलालपुर, थमरवा से पेंग तक मार्ग अभी एक लेन हैं। इसकी चौड़ाई करीब 3.30 मीटर है। इस मार्ग से करीब दो दर्जन से अधिक गांव जुड़ते हैं। इस मार्ग पर पेंग, मुगलीपुर, महमदापुर, थमरवा, कपूरपुर, मुराव, अछुआपुर, ढपरापुर के साथ ही टेनी आदि गांव के लोगों का आवागमन होता है। अभी तक एक लेन मार्ग होने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों के साथ ही गन्ना और अन्य फसलों के सीजन में उपज की मंडी और चीनी मिल तक आपूर्ति के दौरान वाहनों के आने-जाने में असुविधा के साथ ही हादसों की भी आशंका रहती थी।
लोक निर्माण विभाग ने मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने परीक्षण के बाद इस पर सहमति दी। जल्द ही रुपये मिलने की उम्मीद है। इसके चलते लोक निर्माण विभाग ने निविदा प्रक्रिया शुरू करा दी है।
-
करीब 15 किलोमीटर लंबाई में सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कराया जाना है। निविदा प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। मार्ग बनवाने वाली फर्म को पांच साल तक इसका अनुरक्षण भी करना होगा। -मुरलीधर गंगवार, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड