मल्लावां। बारिश के कारण कटरा-बिल्हौर मार्ग पर शनिवार रात पेड़ गिर गया। इससे सड़क पर आवागमन ठप हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने देर रात पेड़ कटवाकर हटवाया। इसके बाद आवागमन सुचारु हो सका।
शनिवार सुबह शुरू हुई बारिश देर रात तक होती रही। रात लगभग आठ बजे कटरा-बिल्हौर मार्ग पर कोल्ड स्टोरेज के सामने बबूल का पुराना पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया।
मुख्य मार्ग पर आवागमन बंद होते ही कुछ ही देर में सड़क के दोनों ओर यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने वन विभाग के कर्मचारियों की मदद से करीब तीन घंटे में पेड़ कटवाकर हटवा दिया। जाम खुलने के बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली।