मल्लावां कस्बे के मोहल्ला ऐंठाना की एक गली में हुआ जलभराव। संवाद
- फोटो : HARDOI
मल्लावां। शनिवार को हुई बारिश से कस्बे के कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों में भरा पानी निकालने में लोग जुटे रहे।
शुक्रवार के बाद शनिवार को भी जबरदस्त बारिश हुई। कस्बे के मिर्जापुर व मोहल्ला ऐंठाना समेत कई मार्गों व गलियों में पानी भर गया। मोहल्ला मिर्जापुर निवासी सलामुन हसन, लल्ला व जफरून आदि ने बताया कि जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त न होने के कारण बारिश के बाद गंदा पानी उनके घरों में घुस गया। मिर्जापुर निवासी सभासद के पति हाजी वकील ने बताया कि जो घर नीचे बने हैं या जिनमें बेसमेंट है, ऐसे घरों में पानी भर गया है। पानी भरने से घरों में रखा सामान भी खराब हो गया है।
मोहल्ला काजीटोला निवासी सलमान व आलम ने बताया कि तीन सालों से नगर पालिका द्वारा नाला बनवाने का आश्वासन दिया जा रहा है। सड़क ऊंची बना दी गई है, जिससे बारिश में समस्या पैदा हो जाती है। लोगों ने पालिका प्रशासन से जल निकासी के इंतजाम किए जाने की मांग की है। ईओ मुकेश निगम ने बताया कि जहां जलभराव की समस्या है, वहां पालिका द्वारा पंपिंग सेट लगाकर पानी निकलवाया जा रहा है।