संवाद न्यूज एजेंसी
संडीला। कोतवाली क्षेत्र के एक पीड़ित ने तहरीर देकर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक कंपनी मालिक पर सुरक्षा मानकों में कमी व लापरवाही का आरोप लगाते हुए गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिला बस्ती के ग्राम रौसिधापार निवासी रामचेत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पुत्र सत्यपाल ओम इंटरप्राइजेज सोलर एनर्जी कंपनी लखनऊ में कर्मचारी था। कंपनी की ओर से औद्योगिक क्षेत्र में सोलर लगाने के लिए ओलंपस इंडस्ट्रीज संडीला भेजा गया।
12 अगस्त को कंपनी में काम करते समय कंपनी द्वारा सुरक्षा मानकों में कमी व लापरवाही के कारण उसका पुत्र टिनशेड से नीचे गिरकर घायल हो गया। वहां मौजूद लोग उसे किसी निजी अस्पताल लेकर गए थे। जहां डॉक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया था। ट्राॅमा पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था। कोतवाल नित्यानंद सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।