शाहाबाद। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला चौक में युवक की खुदकुशी के मामले में मृतक की पत्नी समेत चार लोगों के विरुद्ध आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया गया है।
12 नवंबर की रात मोहल्ला चौक निवासी बृजेश कुमार (26) का शव मकान के अंदर कमरे में फांसी पर लटका मिला था। पुलिस की प्राथमिक पड़ताल में घरेलू कलह के चलते खुदकुशी करने की बात सामने आई थी। सोमवार को प्रकरण में मृतक बृजेश कुमार के पिता राम कुमार ने कोतवाली शाहाबाद में तहरीर दी।
तहरीर में राम कुमार ने बताया कि बृजेश का विवाह तीन वर्ष पहले ग्राम रामपुर हृदय निवासी सविता से हुआ था। आरोप है कि सविता शादी के बाद से ही घर में कलह कर बृजेश को मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। आठ नवंबर को बृजेश से झगड़कर सविता मायके चली गई थी।
आरोप है कि 12 नवंबर को सविता के पिता मदनपाल चौक स्थित मकान पर आए और बृजेश को बाइक से अपने घर ले गए। यहां बृजेश को पत्नी, ससुर और साले सुमित ने गांव निवासी अनिल के साथ मिलकर प्रताड़ित किया।
घटना की जानकारी बृजेश ने अपने भाई विजय को भी दी थी। प्रताड़ना से तंग आकर बृजेश ने खुदकुशी कर ली। कोतवाल सुरेश मिश्रा ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर पत्नी सविता, ससुर मदनपाल, साले सुमित और अनिल के विरुद्ध आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया गया है।