हरदोई। भाजपा ने अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्षों की घोषणा रविवार शाम कर दी। संडीला निवासी रवि वाल्मीकि को हरदोई में अनुसूचित जाति मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा के गठन के बाद से यह पहला मौका है जब वाल्मीकि समाज के किसी व्यक्ति को अनुसूचित जाति मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
पिछले कई दिनों से भाजपा में सरगर्मियां तेज हैं। विभिन्न मोर्चाें के जिलाध्यक्षों की घोषणा होनी है। इनमें युवा मोर्चा, किसान मोर्चा और मोर्चा के साथ पिछड़ा वर्ग मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा भी शामिल है। रविवार शाम अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्षों की सूची जारी हो गई। हरदोई में जिलाध्यक्ष बनाए गए रवि वाल्मीकि अब तक युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष थे। इसके अलावा वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रशिक्षित स्वयं सेवक भी हैं। उन्हें जिलाध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा होते ही भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, जिला उपाध्यक्ष आकाश सिंह समेत पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बधाई दी।