- तीन कर्मचारियों के वाहन और एक मोबाइल तोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के सुरजापुर गांव में गई बिजली विभाग की टीम पर प्रधान और उसके परिजनों ने हमला कर दिया। तीन कर्मचारियों के वाहन और एक का मोबाइल तोड़ दिया। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है।
विद्युत विभाग के टीजीटू कर्मी विमल चंद्र यादव के नेतृत्व में सुरजापुर गांव में एक मुस्त समाधान योजना के तहत शिविर लगाया गया था। इस दौरान पंजीकरण न कराने पर बकाएदारों के कनेक्शन भी काटे जा रहे थे। ग्राम प्रधान सुमन देवी के घर जब टीम जांच के लिए पहुंची तो प्रधान पति राम लखन ने जांच कराने से इनकार कर दिया।
बिजली कनेक्शन के अभिलेख मांगे गए तो यह अभिलेख देने में भी इनकार करने लगे। इस पर टीम ने नाराजगी जताई तो प्रधान सुमन, प्रधानपति रामलखन, रामदेव, गयाप्रसाद, लल्ले, गुड्डा आदि ने टीम पर हमला बोल दिया। टीम के साथ अभद्रता की और मौके से भगा दिया। टीम में शामिल अजय कुमार, निरंकार सिंह तोमर और लालाराम के वाहन भी आराेपियों ने तोड़ दिए। टीम में ही शामिल श्यामू का मोबाइल भी तोड़ दिया गया। विमल चंद्र यादव ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।