हरदोई। बीती दस जुलाई काे संडीला से चोरी हुए पिकअप को पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पिकअप चोरी करने और साजिश रचने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम ने 22 कैमरों के 12 घंटे के फुटेज खंगाले। पुलिस का दावा है कि लोन पर खरीदी गई स्कॉर्पियो की किस्तें अदा करने के लिए पिकअप चोरी किया गया था।
संडीला के मोहल्ला अशरफ टोला निवासी महेश कुमार ने 11 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि नौ जुलाई की रात उन्होंने अपना पिकअप संडीला में एचसीएल ऑफिस के पास खड़ा किया था। 10 जुलाई की सुबह लगभग 3:30 बजे पिकअप चोरी हो चुका था। मामले का खुलासा करने के लिए उपनिरीक्षक कौशल किशोर यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर कुछ संदिग्ध लोग नजर आए थे।
इसके बाद मुखबिर की सूचना पर मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के करहुआ निवासी देवेंद्र कुमार, सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के भैलामऊ निवासी राम सिंह और उसके चचेरे भाई विनय सिंह राठौर को गिरफ्तार किया गया है। इनमें देवेंद्र कुमार घटनास्थल के पास ही स्थित एक प्राइेवट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी ने दावा किया कि राम सिंह और विनय बाइक से रेकी करने के बाद घटना को अंजाम देने पहुंचे थे। इसकी साजिश देवेंद्र ने रची थी।
घटना की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि विनय राठौर ने एक स्कॉर्पियो खरीदी थी। इसकी प्रत्येक माह की किस्त 26 हजार रुपये थी। दो किस्त टूट गई थीं और उसके पास रुपयों का इंतजाम नहीं था। पिकअप चोरी कर बेचने के बाद स्कॉर्पियो की किस्तें अदा करने की योजना थी। तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इनके कब्जे से पिकअप और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है।