भरावन (हरदोई)। बीती 18 जून को लखनऊ न्यायालय परिसर से पेशी के दौरान फरार हुए शातिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस पर लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। एसटीएफ लखनऊ और अतरौली थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से उसकी गिरफ्तारी हुई है।
मूलरूप से शहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाषनगर निवासी मोहम्मद जैद खान उर्फ समीर पिछले कुछ वर्ष से लखनऊ में रह रहा है। हरदोई की संपत्ति बेचकर उसने लखनऊ के सहादतगंज थाना क्षेत्र के यामीनगंज इलाके में इंदौर वाली मस्जिद के पास मकान बना लिया। चोरी, दुष्कर्म समेत कई आपराधिक घटनाओं का आरोपी मोहम्मद जैद पेशी के दौरान 18 जून को लखनऊ से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ को भी लगाया गया था।
शनिवार रात उसकी लोकेशन अतरौली थानाक्षेत्र के माल रोड पर एक कोल्ड स्टोर के पास मिली थी। इसके बाद लखनऊ एसटीएफ की टीम उपनिरीक्षक हरीश सिंह चौहान के नेतृत्व में वहां पहुंची। अतरौली थाने में तैनात उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह, दीवान योगेश मिश्रा और सिपाही जयचंद को साथ लेकर टीम ने जैद को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र के मुताबिक जैद के पास से 0.32 बोर का तमंचा, दो कारतूस और एक मोबाइल बरामद हुआ। उसके खिलाफ हरदोई शहर कोतवाली में पांच मामले दर्ज हैं। लखनऊ जनपद के चौक, ठाकुरगंज, हजरतगंज और हुसैनगंज के साथ ही वजीरगंज में भी मामले दर्ज हैं। पॉक्सो एक्ट के एक मामले में उसे 20 साल की सजा भी हो चुकी है। न्यायालय में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया।