फोटो-05- कलक्ट्रेट में सेवानिवृत कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन की बैठक में बोलते जिलाध्यक्ष एसपी सिंह। संवाद
- पेंशनर्स ने कलक्ट्रेट में सभा की और निकाला कैंडल मार्च
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के केंद्रीय आठवें वेतन आयोग के गठन संंबंधी संकल्प पत्र से पेंशनर्स में निराशा है। शनिवार को सेवानिवृत कर्मचारी और पेंशनर्स एसोसिएशन की जनपद शाखा ने कलक्ट्रेट में विरोध में सभा की और शहर में कैंडल मार्च निकाला। एसोसिएशन की तरफ से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा गया।
एसोसिएशन की तरफ से भेज गए ज्ञापन में कहा कि केंद्रीय आठवें वेतन आयोग के गठन विषयक भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के संकल्प पत्र से पेंशनर्स में निराशा और रोष है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष एसपी सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र पाल सिंह, मंत्री श्रवण कुमार मिश्र और संप्रेक्षक वीके सिंह ने कहा कि अभी तक गठित केंद्रीय वेतन आयोग में पेंशनर्स की पेंशन और अन्य लाभों का संदर्भ शामिल रहता था, किंतु आठवें वेतन आयोग के गठन में ऐसा नहीं किया जा रहा है। पेंशनर्स ने मांग की है कि आठवें वेतन आयोग में पेंशनर्स की पेंशन और उनके अन्य देयकों पर दिए जाने वाले लाभों को भी शामिल किया जाए, ताकि पेंशनर्स को भी लाभ मिल सके।