फोटो-26-सीडीओ आकांक्षा राना से बातचीत के दौरान मौजूद प्रतिनिधि मंडल के सदस्य। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। ग्राम पंचायत-ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के बैनर तले विभिन्न मांगों को लेकर विकास भवन के बाहर स्थित पार्किंग स्थल पर ग्राम सचिवों ने धरना प्रदर्शन किया। शाम को समन्वय समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य विकास अधिकारी से मुलाकात की। मुलाकात में ग्राम सचिवों की समस्याओं का निस्तारण हफ्तेभर में करने का आश्वासन सीडीओ ने दिया। सचिवों ने मेहनत से कार्य करने का संकल्प जताया।
विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम पंचायत अधिकारी - ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के बैनर तले बीती सात और आठ अक्टूबर को ब्लाक मुख्यालयों पर ग्राम सचिवों ने धरना दिया था। बुधवार को भी ग्राम सचिवों ने समन्वय समिति के अध्यक्ष रजनीकांत त्रिवेदी और समिति के जिला मंत्री राजवीर सिंह के संयुक्त नेतृत्व में धरना देकर प्रदर्शन किया।
इसके बाद जिलाविकास अधिकारी अजय प्रताप सिंह और जिला पंचायत राज अधिकारी गिरीशचंद्र ने ग्राम सचिवों के साथ विकास भवन सभागार में कई दौर की वार्ता की। इसके बाद सीडीओ आकांक्षा राना से भी प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की। रजनीकांत त्रिवेदी और राजवीर सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि सीडीओ ने निलंबित सचिवों को नियमानुसार कार्यवाई कर अतिशीघ्र बहाल किए जाने का भरोसा दिलाया है। जो महिला ग्राम सचिव गोशाला का संचालन नहीं करना चाहती हैं, उनसे संचालन नहीं कराया जाएगा।
मनरेगा को लेकर दबाव न बनाए जाने और रुके हुए वेतन निर्गत किए जाने पर भी सहमति बनी है। कोटा चयन की बैठक में सुरक्षा की व्यवस्था कराने किसी भी प्रकरण में कर्मचारियों को दंडित किए जाने से पहले पक्ष सुने जाने पर भी सहमति बनी है। इसके अलावा स्थानांतरण नीति के तहत कलस्टरों में बदलाव होने की स्थिति में संगठन के सुझावों पर भी विचार किए जाने पर सहमति बनी है।