हरदोई। सांसद जय प्रकाश को भाजपा ने बिहार में हो रहे विधानसभा चुनावों में चार विधानसभा क्षेत्रों का प्रभारी बनाया है। प्रभारी बनाए जाने के साथ ही जय प्रकाश ने बिहार में ही डेरा जमा लिया है।
जय प्रकाश की गिनती प्रदेश के वरिष्ठतम सांसदों में होती है। सांसद ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव में हर चार क्षेत्र का एक क्लस्टर बनाया गया है। इसमें एक-एक क्लस्टर में वरिष्ठ नेताओं और सांसदों को प्रभारी बनाया गया है। दावा किया कि उन्हें नेवादा जनपद के वारसलीगंंज, हसुआ, रजौली और बोधगया विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है।
बिहार के राजनीतिक हालातों पर चर्चा करते हुए सांसद जय प्रकाश ने बताया कि एनडीए गठबंधन ने बिहार में ऐतिहासिक विकास कार्य कराए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर बिहार में भी चल रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि एनडीए को बिहार में बड़ी जीत मिलेगी।