हरदोई। आठ दिन से लापता टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम रावल निवासी रिक्शा चालक का शव सोमवार सुबह गांव के ही प्राथमिक विद्यालय के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने रंजिश से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम रावल निवासी राजकुमार (55) रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। पिछले सोमवार को वह बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने आसपास गांवों व रिश्तेदारी में खोजबीन शुरू की, लेकिन कहीं सुराग नहीं लगा।
छह नवंबर को परिजनों ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद परिजन तलाश में जुटे थे। इसी दौरान सोमवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर स्कूल की तरफ गए ग्रामीणों ने राज कुमार का शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई। परिजन भी मौके पर आ गए। परिजनों ने सूचना पुलिस को दी।
परिजनों को उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। वहीं रंजिश से इंकार किया है। मृतक के परिवार में पत्नी शकुंतला के अलावा दो बेटे व तीन बेटियां हैं। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। प्रभारी निरीक्षक वकील सिंह यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।