हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र के पलिया गांव में सोमवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार अधेड़ को टक्कर मार दी। सीएचसी ले जाए गए अधेड़ को मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद भाग रहे चालक ने एक बाइक सवार समेत दो लोगों को टक्कर मार दी। यह दोनों भी घायल हुए हैं। ग्रामीणों ने चालक और कार पकड़कर पुलिस के हवाले कर दी है।
अरवल थानाक्षेत्र के नाऊपुरवा निवासी रामनाथ (48) खेती करते थे। सोमवार को वह बाइक से पलिया गांव की बाजार में स्थित जनसेवा केंद्र पर अपने ट्रैक्टर की किस्त जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आई तेज रफ्तार वैगनॉर कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रामनाथ सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रामनाथ को सीएचसी हरपालपुर पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रामनाथ को टक्कर मारने के बाद चालक ने कार और तेजी से दौड़ाते हुए गैस सिलिंडर लेने बाइक से जा रहे पलिया निवासी सुधीर (38) और सब्जी लेने जा रहे गांव निवासी राम नरेश (62) को भी टक्कर मार दी। इन दोनों घायलों को भी पलिया सीएचसी में भर्ती कराया गया है। कोतवाल संदीप शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने कार पकड़ ली है। परिजनों से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
इनसेट
फट गई थीं पेट की आंतें, मौके पर ही निकल गया दम
कार की टक्कर से घायल बाइक सवार रामनाथ के पेट में कोई नुकीली चीज घुस कर रगड़ती चली गई। इसके कारण मौके पर ही रामनाथ का पेट फट गया था और उनकी आंतें बाहर निकल आई थीं। उनकी मौत तो मौके पर ही हो गई थी, लेकिन सांसें चलती होने की उम्मीद में पुलिस ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। मृतक के परिवार में पत्नी रामपोती और दो बेटियां प्रज्ञा और प्रीती हैं।