हरदोई। नयागांव मुबारकपुर स्थित 100 बेड के अस्पताल में जल्द ही संसाधनों का अभाव खत्म हो जाएगा। अस्पताल में लोगों को 100 एमएम डिजिटल एक्सरे की सुविधा के साथ ही अन्य बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद है। शासन ने संसाधनों को जुटाए जाने के लिए 1.66 करोड़ रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दी है। 100 बेड के अस्पताल में जल्द ही 100 एमएम डिजिटल एक्सरे और सी-आर्म मशीन भी स्थापित कराई जाएगी।
कान, नाक और गला रोगों के उपचार के लिए ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप भी खरीदा जाएगा। शासन ने प्रस्ताव को स्वीकृति देने के साथ ही उपकरणों की जल्द खरीद की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। आधुनिक संसाधन उपलब्ध होने के बाद मरीजों को बेहतर जांच और उपचार मिलने की उम्मीद जगी है।
सी-आर्म मशीन आधुनिक चिकित्सा उपकरण है, इसका उपयोग विशेष रूप से ऑपरेशन के दौरान शरीर के अंदर की स्थिति देखने के लिए किया जाता है। मशीन की स्थापना से विभिन्न जटिल उपचार और सर्जरी में चिकित्सकों को मदद मिलेगी। शासन ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए उपकरणों की खरीद को मंजूरी दी है। इससे 100 बेड अस्पताल रोगियों के लिए बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सेवाओं से लैस हो जाएगा।
शासन ने इनके लिए रुपये किए स्वीकृत :
. 100 एमएम डिजिटल एक्सरे मशीन के लिए 96,53,196 रुपये
. ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप के लिए 25,00,000 रुपये
. सी आर्म मशीन विद अटैचमेंट के लिए 19,03,023 रुपये
. आर्थो विभाग में ऑपरेशन टेबल के लिए 1,90,000 रुपये
. एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन के लिए 15,00,000 रुपये
. ए-स्कैन मशीन के लिए 4,50,240 रुपये
. ऑटो रिफिरेक्टोमीटर और किरोटोमीटर के लिए 4,95,000 रुपये
वर्जन
मुख्यमंत्री ने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुलभ बनाने पर जोर दिया है। आमजन की पहुंच तक सभी जांचें और उनके उपचार को उपलब्ध कराने के लिए 100 बेड चिकित्सालय में मशीनों की स्थापना के लिए रुपये की स्वीकृति मिली है। जल्द ही मशीनों की स्थापना स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के माध्यम से कराई जाएगी। -अनुनय झा, जिलाधिकारी