सांडी। दहेज में बाइक की मांग पूरी न होने पर लड़के पक्ष ने निकाह करने से इंकार कर दिया। इस पर लड़की के पिता ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर मदद की गुहार लगाई। रविवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। थाने में लड़के पक्ष ने खर्चे के 20 हजार रुपये देकर निकाह करने से इंकार कर दिया। पुलिस ने समझौता कराकर दोनों पक्षों को घर भेज दिया।
सांडी थाना क्षेत्र के गांव नवासी व्यक्ति ने तहरीर में बताया कि एक वर्ष पूर्व उसने अपनी बेटी की शादी कछौना के एक गांव निवासी व्यक्ति के बेटे के साथ तय की थी। शादी के लिए लेनदेन की बात फाइनल हो गई थी। शादी से पहले की सारी रस्में पूरी हो चुकीं थी। बताया कि 15 नवंबर को बरात आनी थीं।
दो दिन पूर्व लड़के ने बाइक की मांग शुरू कर दी। पीड़ित ने बाइक देने से मना कर दिया,जिस पर लड़के व उसके परिजनों ने शादी करने से इंकार कर दिया। जिससे परेशान होकर पीड़ित ने दो दिन पूर्व सांडी थाने में तहरीर दी थी।
रविवार को पुलिस ने लड़के पक्ष को थाने बुलाया। जहां पर दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत की। लेकिन लड़के पक्ष के परिजनों ने शादी करने से इंकार कर शादी से पहले खर्च हुए रुपये देकर शादी तोड़ दी। प्रभारी निरीक्षक गंगाप्रसाद यादव ने बताया कि दोनों पक्षों का समझौता कराकर घर भेज दिया गया है।