मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बखोरा निवासी युवक का शव सोमवार सुबह गांव के बाहर पेड़ पर फांसी पर लटकता मिला। मृतक के पिता व ससुराल वालों ने एक-दूसरे पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। जांच के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बखोरा निवासी लालचंद्र (32) का शव सोमवार सुबह गांव के बाहर आम के पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटकता देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस व परिजनों को सूचना दी। मृतक के पिता अमृतलाल ने बताया कि लालचंद्र के दो बेटियां हैं।
वह खेती करता था। रविवार शाम को लालचंद्र का पत्नी विनीता के साथ किसी बात पर विवाद हो गया था। इस पर बहू विनीता ने पिता लालाराम निवासी ग्राम बरहुआ को फोन कर दिया। लालचंद्र का ससुर लालाराम चार पांच लोगों के साथ गांव आया और उसके साथ मारपीट की। बेटी को लेकर वापस चला गया। सोमवार सुबह लालचंद्र का शव फांसी पर लटकता मिला। पिता ने ससुरालियों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
वहीं मौके पर पहुंची विनीता ने पति लालचंद्र के परिजनों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। कोतवाल सुनील सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।