बिलग्राम (हरदोई)। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर सवारियों से भरी मैजिक और रोडवेज बस में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में मैजिक चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दस लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम में प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम परसोला निवासी धीरेंद्र (40) ग्राम निजामपुर निवासी अशोक कुशवाहा की मैजिक चलाता था। रोजाना कन्नौज से बिलग्राम के बीच सवारियां ढोता था। धीरेंद्र सोमवार दोपहर कन्नौज से सवारियां लेकर बिलग्राम लौट रहा था। बिलग्राम - कन्नौज मार्ग पर ग्राम जलालपुर के पास बिलग्राम की तरफ से आ रही रोडवेज बस से मैजिक की भिड़ंत हो गई। हादसे में धीरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
जबिक मैजिक में सवार कन्नौज के मोहल्ला अजयपाल छोटी रजियाना निवासी राजमिस्त्री आलम (40) सहित 11 लोग घायल हो गए। घायलों को पहले बिलग्राम सीएचसी फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने आलम को मृत घोषित कर दिया गया।
हादसे में आलम का करीबी रिश्तेदार हसीब (42) भी घायल हुआ है। इसके अलावा बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम झाला निवासी महेंद्र (35) और उसकी पत्नी संगीता (30), इसी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुल्हाड़ा निवासी मायादेवी (65), उनका भतीजा श्यामजी (20) के अलावा संतोष (40), उसकी पत्नी अनीता (32), घनश्याम (32), ईशु (10) और अभिषेक (12) भी घायल हो गए।