हरदोई। शहर में सूरज के तीखे तेवर के साथ ही अब बिजली विभाग की बदहाली भी लोगों के पसीने छुड़ा रही है। रविवार को लोकल फॉल्ट के चलते शहर के आधे से ज्यादा इलाकों में बिजली की आंख-मिचौली चलती रही। कहीं ट्रांसफार्मर ने जवाब दे दिया तो कहीं तार टूटने से आपूर्ति ठप रही। भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों बिजली गुल रहने से उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया।
आशा नगर विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले प्रगतिनगर मोहल्ले में रविवार दोपहर करीब दो बजे 400 केवी का ट्रांसफार्मर अचानक तकनीकी खराबी के कारण बैठ गया। नाले के पास रखे इस ट्रांसफार्मर के जवाब देते ही इलाके के 300 से अधिक घरों की बत्ती गुल हो गई। दोपहर की चिलचिलाती धूप में दो घंटे तक लोग बिना पंखे और कूलर के रहे। विभागीय कर्मचारियों की मशक्कत के बाद शाम चार बजे आपूर्ति बहाल की जा सकी। कोयल बाग कॉलोनी उपकेंद्र से जुड़े पुलिस लाइन फीडर की आपूर्ति सुबह 11 बजे बंद हो गई जो एक बजे बहाल हो सकी।
मन्नापुरवा उपकेंद्र से जुड़ा लालपालपुर फीडर तकनीकी कारणों से दोपहर एक बजे बंद हो गया जो शाम पांच बजे शुरू हो सका। इससे फीडर से जुड़े गांव के लोग बिजली न मिलने से परेशान हुए। वहीं, खेतुई गांव की आपूर्ति तार टूटने के कारण बाधित हो गई जो एक घंटे के बाद बहाल हो सकी। सिटी उपकेंद्र से जुड़े सिनेमा रोड फीडर की आपूर्ति दोपहर ढाई से तीन बजे तक बाधित रही। शहर में बढ़ रहे लोकल फॉल्ट से लोग परेशान हो रहे हैं।
शहर के उपभोक्ताओं को नियमित रूप से बिजली मिल सके इसके लिए लगातार कार्य कराए जा रहे हैं। जहां पर भी समस्या आ रही है उसका समय रहते निदान कराया जा रहा है। -प्रेम प्रकाश सिंह, अधिशासी अभियंता