हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम पचकोहरा मेें गुरुवार रात घरेलू कलह में मजदूर ने फांसी लगाकर जान दे दी।
पचकोहरा निवासी बलवीर (35) पुत्र किंदरलाल तीन भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी रानी, बेटियां मधु, साधना और बेटा कृष्णा है। बलवीर मजदूर था। पिता किंदरलाल ने बताया कि मजदूरी से परिवार का भरण-पोषण करने में परेशानी के कारण उसका पत्नी से आए दिन विवाद होता था। गुरुवार देर रात बलवीर घर से कहीं चला गया।
शुक्रवार सुबह शौच को गई मां कलावती ने उसका शव अपने बाग में आम के पेड़ में अंगौछे से बनाए गए फंदे से लटकता देखा। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पिता ने घरेलू समस्या से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात कही है। एसओ राजकरन शर्मा ने बताया कि घरेलू कलह में युवक ने आत्महत्या की है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।ं