मल्लावां। चार दिन पहले मारपीट में घायल हुए तेंदुआ गांव निवासी युवक की शनिवार को मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम तेंदुआ निवासी ब्रजेश (25) बुधवार को गांव निवासी ध्रुव सिंह के खेत में पानी लगा रहा था। इसी बीच वहां नशे की हालत में आए गांव के ही छुन्ना व उसके साथी विमल ने ब्रजेश के साथ गाली गलौज व मारपीट की थी।
घटना में घायल ब्रजेश को परिजनों ने इलाज के लिए लखनऊ में भर्ती कराया था। वहीं इस मामले में पुलिस ने खेत मालिक ध्रुव सिंह की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
इधर शुक्रवार को हालत में सुधार होने पर परिजन ब्रजेश को घर वापस ले आए थे। शनिवार की सुबह अचानक ब्रजेश की तबियत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाते, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
ब्रजेश की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि ब्रजेश अविवाहित था, वह दो भाइयों में छोटा था और खेती करके परिवार के पालन पोषण में हाथ बंटाता था।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल ज्ञानेंद्र सिह ने बताया कि खेत मालिक ध्रुव सिंह की तहरीर पर मारपीट की रिपोर्ट पहले ही दर्ज की जा चुकी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ा जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।