हरदोई। जनपद में डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में आए रक्त के नमूनों की जांच में शुक्रवार को तीन और लोग डेंगू से पीड़ित मिले। औसतन हर रोज दो से तीन मरीज डेंगू से पीड़ित मिल रहे हैं। खास बात यह है कि इसके बावजूद भी जिला अस्पताल में बने डेंगू वार्ड में एक भी मरीज भर्ती नहीं है।
जिले में मलेरिया के साथ डेंगू भी बेकाबू हो गया है। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी के आंकड़ों के मुताबिक डेंगू के मरीजों की संख्या 25 के पार पहुंच चुकी है। शुक्रवार को पैथोलॉजी में 88 मरीजों की जांच के लिए रक्त के नमूने लिए गए। इनमें से 24 नमूनों में डेंगू की जांच की गई, जबकि 32 में मलेरिया की जांच हुई। सूत्रों के मुताबिक तीन मरीजों की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। जबकि मलेरिया का एक भी पॉजिटिव मरीज नहीं मिला है। इसके अलावा टाइफाइड के पांच मरीजों निकले हैं। इधर जिला अस्पताल में बने डेंगू वार्ड में अभी तक एक भी मरीज भर्ती नहीं हुआ है। सीएमएस डॉ.जेएन तिवारी ने बताया कि अस्पताल में बुखार के मरीजों के उपचार की समुचित व्यवस्थाएं हैं।