हरपालपुर में सीएचसी में पड़े बेड पर बैठा कुत्ता। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर जिलाधिकारी अविनाश कुमार भले ही गंभीर रुख अपना रहे हों, लेकिन विभागीय जिम्मेदारों की लापरवाही पराकाष्ठा पर है। एक ओर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष वार्ड बनाने के निर्देश डीएम ने दिए हैं, वहीं दूसरी ओर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरियावां में बेड के गद्दे तक फट चुके हैं। लापरवाही का आलम यह है कि हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के लिए पड़े बेड पर कुत्ते लोटते नजर आते हैं।
आसपास के जनपदों में डेंगू और मलेरिया तेजी से फैल रहा है। जनपद में भले ही अभी डेंगू और मलेरिया के मरीज न मिल रहे हों, लेकिन वायरल फीवर तेजी से पैर पसार चुका है। इसके चलते डीएम अविनाश कुमार ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पांच पांच बेड के विशेष वार्ड डेंगू और मलेरिया के लिए बनाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को इन निर्देशों की हकीकत परखी गई, तो चौकाने वाली जानकारी सामने आई। हरियावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पड़े बेडों पर गद्दे तक फट चुके हैं। किसी भी बेड पर न तो मरीज भर्ती हैं और न ही बेड की ऐसी दशा है कि मरीज को भर्ती किया जा सके।
यहां की स्थिति देखकर तो ऐसा प्रतीत हुआ कि जैसे लंबे समय से यहां कोई मरीज भर्ती ही नहीं हुआ, लेकिन अभिलेखों में अगस्त में यहां 16 मरीज भर्ती दिखाए गए। इसी तरह हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेड पर कुत्ता लोटता नजर आया।
हरियावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अखिलेश वाजपेयी ने बताया कि अस्पताल में जो मरीज आते हैं, उनमें जरूरत के मुताबिक भर्ती किया जाता है। वहीं हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. राणा प्रताप सिंह ने बताया कि सीएचसी में व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं। कुत्ता कहीं से आ गया होगा।