हरदोई के माधौगंज में मोबाइल से लीड लगाकर गाना सुनते हुए रेलवे ट्रैक के किनारे जा रहा युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कान में लीड लगी होने के कारण युवक ट्रेन की आवाज ही नहीं सुन सका।
माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नेवादा गब्भी निवासी शाहिद (18) शुक्रवार की शाम लगभग चार बजे अपने खेतों की तरफ जा रहा था। खेत के पास से ही बालामऊ - कानपुर रेलवे ट्रैक भी निकला है। शाहिद मोबाइल की लीड कानों में लगाकर गाना सुनते हुए जा रहा था।
इसी दौरान गेट नंबर 75 के निकट रजबहा पुलिया के पास शाहिद जम्मूतवी एक्सप्रेस की चपेट मेें आ गया और उसकी मौत हो गई। गेट नंबर 75 के गेटमैन रामबली ने बताया कि शाहिद कान में मोबाइल की लीड लगाए था और इसी वजह से ट्रेन की आवाज को नहीं सुन पाया। घटना का पता चलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था।