यूपी के हरदोई जिले में संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बड़कुल मजरा रसूलपुर में किसान की पत्नी ने अपने प्रेमी संग मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी। शनिवार सुबह किसान का शव घर के बाहर चारपाई पर पड़ा मिला। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेलई निवासी विपिन कुमार(27) की ननिहाल संडीला क्षेत्र के ही ग्राम बड़कुल मजरा रसूलपुर में है। ननिहाल में सिर्फ नानी रहती हैं। उसकी मां मैकिंग और भाई करन अक्सर ननिहाल चले जाते हैं। यहां खेती का काम भी देखते हैं।
मां और करन पहले से ननिहाल में थे और गुरुवार को विपिन अपनी पत्नी गुड़िया और डेढ़ वर्षीय पुत्र रवि के साथ ननिहाल पहुंच गया। शुक्रवार की रात बाहर सोते समय उसकी हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह वह घर में नहीं आया तो उसकी मां ने पत्नी गुड़िया से पूछा।
गुड़िया ने गहरी नींद में सोने की बात कहकर टाल दिया। थोड़ी देर बाद मां उसे देखने गई तो चारपाई पर विपिन मृत पड़ा मिला और उसके गले में निशान भी थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
किसान के परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी गुड़िया के प्रेम संबंध अतरौली थानाक्षेत्र के भानपुर निवासी छोटू से हैं। परिजनों ने उनपर हत्या की आशंका जाहिर की। पुलिस ने गुड़िया से पूछताछ की तो उसने प्रेम संबंधों में बाधा बने पति की प्रेमी संग हत्या करना कबूल किया।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि मृतक किसान के छोटे भाई करन की तहरीर पर उसकी पत्नी गुड़िया और उसके प्रेमी छोटू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। गुड़िया को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, छोटू की तलाश की जा रही है।
दो वर्ष पहले छोटू ने की थी विपिन की पिटाई
पुलिस को बताया गया कि दो वर्ष पहले विपिन जब अपनी ससुराल अतरौली थानाक्षेत्र के भानपुर गया था। तब उसका विवाद छोटू से हो गया था और तभी प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आई थी। पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक तब छोटू ने विपिन की पिटाई कर दी थी, लेकिन परिजनों ने आपस में बैठकर समझौता करा दिया था।