हरदोई में जिला पंचायत की 71 सीटों में से 61 सीटों पर देर शाम अंतिम रूझान मिलने शुरू हो गए। जिससे यह कहना कतई कठिन नहीं है कि 61 सीटों में 13 सीटों पर भाजपा व नौ सीटों पर सपा का परचम लहराना बिल्कुल तय है जबकि सात पर बसपा व दो पर आप के प्रत्याशियों का भी जीतना लगभग तय माना जा रहा है।
निर्वाचन संबंधी अधिकारियों ने भले ही जिला पंचायत प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र न दिए हो पर उनके समर्थकों की खुशी व उड़े गुलाल ने सब कुछ स्पष्ट कर दिया है। सरकारी सूत्रों की माने तो 61 सीटों की गिनती लगभग समाप्त हो चुकी है। आरओ एआरओ शीट बनाने में व्यस्त हैं।
जिसके बाद हुए आंकलन में यह कहना गलत नहीं होगा कि जिला पंचायत सदस्य की 13 सीटों पर भाजपा की जीत लगभग तय हो गई है। बस अधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। भाजपा की टड़ियावां चतुर्थ पर तरूण सिंह, हरियावां द्वितीय मीना वर्मा, शाहाबाद तृतीय से लालाराम राजपूत, भरखनी चतुर्थ से सुशीला राठौर, बिलग्राम प्रथम से मनीष रावत, सुरसा द्वितीय से प्रियंका सिंह, सुरसा तृतीय से सर्वेंद्र गुप्ता, सुरसा पंचम से प्रेमा वती, कोथावां द्वितीय से रमेश कुमार सिंह, कोथावां तृतीय से लेखराम मौर्य, कछौना द्वितीय से पूजा देवी पटेल, अहिरोरी चतुर्थ से सचिन मिश्रा, सपा से शाहाबाद चतुर्थ से सीमा देवी, भरखनी तृतीय से रजनी पाल, सांडी द्वितीय से अनीता यादव, बिलग्राम द्वितीय से धीरेंद्र यादव, बिलग्राम तृतीय से संतोष कुमारी, सुरसा प्रथम से मुन्नी देवी, माधौगंज द्वितीय से विवेक सिंह पटेल, मल्लावां द्वितीय से रेशमा वर्मा, संडीला प्रथम से छत्रपाल, बसपा पिहानी प्रथम से सोनू भारती, शाहाबाद द्वितीय मंजू देवी, सांडी प्रथम इशा कुशवाहा, सांडी तृतीय अर्चना कुशवाहा, मल्लावां तृतीय नीलकमल सिंह, बेंहदर प्रथम ओम प्रकाश पाल, भरावन प्रथम इशरत अली, आप के कछौना तृतीय से रजनी पासी व अहिरोरी प्रथम से आकांक्षा रावत का जीतना लगभग तय हो गया है। यह बात और है कि जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से अधिकृत घोषणा नहीं हुई है। उनका कहना है कि शीट तैयार होते ही विधिवत घोषणा की जाएगी।