पिहानी। अंत्येष्टि स्थल की चहारदीवारी और टिन शेड निर्माण में मानकों की अनदेखी का मुद्दा तूल पकड़ रहा है। विरोध जताने वालों को पालिका से नोटिस जारी किया है।
कुछ दिनों पूर्व निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थल पर नागरिकों ने निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाया था। इस पर पालिकाध्यक्ष ने जेसीबी से निर्माण गिरवा दिया था। दोबारा काम शुरू कराने पर लोगों ने टिन शेड में लग रहे पाइप को गुणवत्ता विहीन बता हंगामा किया था।
इसके बाद पालिकाध्यक्ष ने तीन सभासद और जेई की सदस्यता में निगरानी समिति बनाकर निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए थे। गुरुवार को मामले में नया मोड़ आ गया।
जब पालिकाध्यक्ष जमाल साजिद व ईओ अहिबरन लाल ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाने वाले कस्बे के राहुल मिश्रा, अनुज शुक्ला व रिशु वैश्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और मौके पर पहुंच कर गाली गलौच के आरोप लगाते हुए नोटिस जारी कर दी।
मेट से गाली गलौज के आरोप ठेकेदार कमल ने लगाए हैं। पालिका के इस कदम से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाने वाले नागरिकों में रोष है।
पालिकाध्यक्ष ने लिया जायजा
चेयरमैन हाजी जमाल साजिद ने अंत्येष्टि स्थल प्रकरण को लेकर गुरुवार को कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। कहा कि सारा कार्य मानक के अनुसार किया जाएगा। अब तक जहां कमी मिली थी, उसे गिरवा चुके हैं। पाइप और टिन शेड गुणवत्ता विहीन होने के आरोप निराधार हैं।