हरदोई। अतरौली थाना क्षेत्र में पिकअप ने रविवार को बाइक सवार मजदूर को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जानकारी देकर उसे जिला अस्पताल भिजवाया, जहां देर रात उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
लखनऊ के माल थाने के ग्राम ललईखेड़ा निवासी केदार (42) मजदूरी करता था। वह अतरौली थाने के बॉर्डर के गांव नेवादा से गृहस्थी का सामान खरीदकर बाइक से घर जा रहा था। नेवादा गांव के पास पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह बाइक से उछलकर सिर के बल सड़क पर जा गिरा। हेलमेट न लगाए होने से सिर में चोट आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तलाशी के दौरान जेब में मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना देकर उसे एंबुलेंस जिला अस्पताल भिजवाया।
यहां देर रात उसने दम तोड़ दिया। परिजन भी मौके पर आ गए। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे व एक बेटी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। एसओ अतरौली बृजेश मिश्रा ने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
फंदे से लटका मिला युवक का शव
बघौली संवाद के अनुसार बनियनखेड़ा गांव मेें युवक का शव छप्पर के नीचे फंदे पर लटका मिला। रामखेलावन (33) का शव सोमवार को सुबह घर के पास पड़े छप्पर में फंदे पर लटका मिला। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों के मुताबिक, रामखेलावन शराब पीने का आदी था। उसके परिवार में कोई नहीं है। वह गांव में अकेला रहता था। अत्यधिक शराब पीने से मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता था। जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। एसओ सोमपाल गंगवार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।