फोटो-24- स्कूल परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर मौजूद कर्मचारियों से जानाकरी लेतीं सीडीओ आकांक
- फोटो : HARDOI
हरपालपुर। सीडीओ आकांक्षा राना ने गुरुवार को ककरा गाव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति कम मिली। कायाकल्प योजना के काम भी संतोष जनक नहीं पाए गए। इस पर सीडीओ ने व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। सीडीओ ने परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया।
हरपालपुर के ग्राम ककरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय पहुंची सीडीओ को विद्यालय में पंजीकृत 223 बच्चों में से मात्र 68 बच्चे उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापक लल्लू सिंह ने बताया कि विद्यालय के 28 बच्चे खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने जिला मुख्यालय गए हुए हैं। इस पर सीडीओ ने बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। सीडीओ ने मिड-डे-मील की गुणवत्ता व विद्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था समेत कायाकल्प योजना के तहत कराए गए कार्यों की स्थिति देखी। इस दौरान कायाकल्प योजना का काम संतोषजनक न मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई।
सीडीओ ने विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां आंगनबाड़ी कर्मचारी राम किशोरी, संतोष व बीना आदि मौजूद मिली, जबकि एक भी बच्चा मौजूद नहीं मिला। सीडीओ ने अभिलेख देखे व व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।