फोटो-41-इंस्पायर एवार्ड योजना में राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित तनुष्का गुप्ता। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। राष्ट्रीय स्तर की इंस्पायर अवार्ड योजना में तनुष्का ने अपना चयन कराकर न सिर्फ अपना बल्कि जिले को भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। चार से आठ सितंबर के मध्य आयोजित होने वाली आठवीं राष्ट्रीय प्रदर्शनी व प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में अपने हुनर का प्रदर्शन करेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे ने बताया कि वर्ष 2020 में इंस्पायर अवार्ड योजना में जनपद के माध्यमिक शिक्षा परिषद व बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में अध्ययनरत 4400 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। इनमें से 22 का चयन प्रदेश स्तर के लिए किया गया। इनके द्वारा उसी दौरान लखनऊ में आयोजित मॉडल प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शहर के सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल की कक्षा छह की छात्रा तनुष्का गुप्ता के स्लिड मॉडल का भी चयन किया गया था। आयोजकों के द्वारा भविष्य में बालिका को राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने का आश्वासन दिया गया था।
शिक्षा निदेशक के द्वारा जारी पत्र में आठवीं ऑनलाइन राष्ट्रीय स्तर प्रदर्शनी के बाबत सूचना दी गई और चयनित 32 बच्चों की सूची जारी की गई जिसमें जिले की तनुष्का को भी शामिल किया गया है। सूचना आने के बाद जयपुरिया के डायरेक्टर शिखर अग्रवाल व प्रधानाचार्य विनोद तिवारी सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें बधाई दी है। डायरेक्टर का कहना है कि इससे जिले का नाम तो रोशन होगा ही। अन्य बच्चों के अंदर आगे बढ़ने की ललक जागृत होगी।
जलने से बचाएगा तनुष्का का मॉडल स्लिड
हरदोई। छोटी सी बालिका तनुष्का का मॉडल स्लिड देखने में तो एक फोल्डर के तरीके का है लेकिन इसको बनाने के पीछे सोच बहुत बड़ी है। इनके शिक्षक शिवम मिश्रा व प्रशांत ने बताया कि यह मॉडल सूरत की आग की घटना के बाद लोगों को प्रेरित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया था। यह एक छह फीट लंबा, चार फीट चौड़ा और नौ इंच मोटी पॉलीशीट होती है जिसमें सोडियम बाई कार्बोनेट व सिट्रिक एसिड भरा होता है। जो आग लगने के बाद रिएक्शन कर एक गोलाकार रूप बना लेता है जिसमें व्यक्ति सुरक्षित हो जाता है।