हरदोई। पाली थाना क्षेत्र में रुपापुर मार्ग पर नखासा पुलिया के पास शनिवार की दोपहर दो युवकों ने मजदूर के सीने पर तमंचा रखकर नगदी-मोबाइल लूट लिया। पीड़ित के शोर मचाने पर उसे जानमाल की धमकी देकर फरार हो गए।
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम निजामपुर निवासी रफी मजदूरी करता है। उसने बताया कि शनिवार को वह रुपापुर मार्ग पर नखासा पुलिया के पास मजदूरी कर रहा था। वहीं कुछ दूरी पर रुपापुर मार्ग पर सड़क के नीचे उतरकर लघुशंका कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए दो युवकों ने उसके सीने पर तमंचा रख दिया। इसके बाद एक युवक ने उसकी जेब से एंड्रॉइड मोबाइल व 1600 रुपये निकाल लिए। शोर मचाने का प्रयास करने पर उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने थाने जाकर घटना की तहरीर दी है। एसओ वेणीमाधव त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।