फोटो-11-नसीरपुर में चोरी के बाद राममुरारी के मकान में खुला पड़ा बक्सा और बिखरा सामान। संवाद
- फोटो : HARDOI
पचदेवरा। थाना क्षेत्र के ग्राम नसीरपुर में मंगलवार रात चोरों ने भूसा व्यापारी के मकान में नकब लगाकर पांच लाख रुपये कीमत के जेवर पार कर दिए। बुधवार सुबह घटना का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस को जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना का खुलासा जल्द करने की बात कही है।
पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम नसीरपुर निवासी राममुरारी भूसा व्यापारी हैं। राममुरारी के मुताबिक मंगलवार की रात वह मकान के एक हिस्से में सोए थे। देर रात चोरों ने मकान के एक कमरे की दीवार में नकब लगा दी। इसी के जरिए मकान के अंदर घुसे चोरों ने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर दो जोड़ी झुमकी और झाले, दो जोड़ी गुलशनपट्टी, दो बिछुआ, दो सोने की अंगूठी, तीन मंगलसूत्र, तीन मांग बेंदी, दो जोड़ी पायल चोरी कर ले गए।
बुधवार सुबह राममुरारी की पत्नी राखी उसी कमरे में मोबाइल चार्जिंग पर लगाने गई तो सामान बिखरा पड़ा देखा। शोर मचाने पर अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। राममुरारी के मुताबिक पांच लाख रुपये के जेवर चोरों ने चोरी कर लिए हैं। गांव से कुछ दूर पर एक खेत में पुलिस को खाली बक्से और कुछ कपड़े मिले हैं। प्रभारी निरीक्षक संतोष तिवारी ने बताया कि अज्ञात के विरुद्ध चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।