हरदोई। हरियावां थाना क्षेत्र में मासूम की हत्या करने से पहले आरोपी ने बर्बरता की सभी हदें पार कर दी थीं। गन्ने के खेत में ले जाकर आरोपी ने मासूम के नाजुक अंग में गन्ना डाल दिया था। इसकी वजह से मासूम के नाजुक अंगों में गंभीर चोटें मिलने की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुई है। उधर,पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद एनएसए लगाए जाने के संकेत भी दिए हैं।
हरियावां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी आठ वर्षीय बच्ची का शव सोमवार को गांव के निकट ही एक गन्ने के खेत में नग्न अवस्था में पड़ा मिला था। पास ही खून से सने वस्त्र पड़े हुए थे। पेट और गले पर धारदार हथियार से वारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई थी। पूरे मामले का खुलासा मंगलवार को पुलिस ने कर गांव के बाबूराम को गिरफ्तार कर लिया था। मृतका की मां जोकि बाबूराम के साथ ही रह रही थी, उसको आरोपी ने फुटकर में पांच पांच हजार रुपये कर कुल तीन लाख रुपये दे चुका था। इन रुपयों को वह मृतका की मां से वापस मांग रहा था।
पुलिस का दावा है कि इसी रंजिश में उसने मासूम की हत्या कर दी। पोस्टमार्टम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक बाबूराम रुपये वापस न मिलने से इस कदर नाराज था कि उसने बच्ची के नाजुक अंग में खेत से ही गन्ना तोड़कर डाल दिया था। इसके कारण बच्ची की दशा बेहद खराब हो गई थी और फिर उसने चाकू से वारकर बच्ची की हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इसका पता चलने पर अब एसपी और भी बड़ी कार्रवाई की तैयारी में लग गए हैं। अनौपचारिक बातचीत में एसपी अजय कुमार ने कहा कि बेहद नृशंस ढंग से हत्या की गई है। एनएसए लगाए जाने की संभावना पर उन्होंने इनकार भी नहीं किया है।