हरदोई। जिले में कोरोना की चौथी लहर का आगाज हो गया है। रविवार को एक साथ सात संक्रमित मिलने से स्वास्थ्य महकमा परेशान है। वहीं लोग कोरोना नियमों की भूलकर काम कर रहे हैं।
जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने आम जनमानस से कोरोना नियमों का पालन करने की अपील की है। सीएमओ ने बताया कि तीन दिन से रोज दो केस निकल रहे थे। उन्होंने सभी से कोविड की गाइड लाइन का पालन करने की अपील की है।
जिले में कोरोना की पहली व दूसरी लहर की स्थिति भयावह रही। दोनों लहरों में लोग अपनों को खाने के बाद हालात भूल गए। तीसरी लहर भी होकर निकल गई। तीसरी लहर में संक्रमितों का ग्राफ तो बढ़ा, लेकिन संक्रमित घर पर ही रहकर स्वस्थ हो गए थे।
एक अप्रैल को एक साथ तीन संक्रमित मिलने के बाद चौथी लहर के खतरे की घंटी बज गई थी। चौथी लहर को लेकर न स्वास्थ्य महकमा गंभीर दिखा न ही लोगों ने सतर्कता बरतना जरूरी समझा।
रविवार को एक साथ सात संक्रमित मिलने के बाद महकमे की चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग की जारी सूची में मल्लावां निवासी एक (40 ) वर्षीय व (30) वर्षीय महिला, टड़ियावां निवासी (14) वर्षीय किशोर, हरपालपुर निवासी वृद्घ समेत चार अन्य संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉ.ओपी तिवारी ने बताया कि कोरोना नियमों का पालन करें। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर बिना मॉस्क लगाए न जाएं।