हरदोई। भले ही ईद का त्योहार इस बार फिर घर में ही मनाना पड़े, लेकिन साल में एक बार आने वाले त्योहार को लेकर बच्चों में पनपे उत्साह के कारण बाजारों में बुधवार को खरीदारी होती दिखी।
बड़ी दुकानें भले बंद रहीं पर फुटपाथ पर सजी दुकानों पर भीड़ दिखी। सिवइयों के ठेलों पर भी खूब बिक्री हुई। कोरोना कर्फ्यू के दौरान सिनेमा रोड, सदर बाजार व रेलवेगंज की बाजारों में दुकानें तो बंद रहीं लेकिन त्योहारों को देखते हुए फुटपाथ पर ठेले सजे रहे। ठेलों पर कपड़े, चूड़ी आदि की बिक्री होती दिखी।
सिवइयों के बिना ईद कैसी
शहर में कई जगहों पर जब बाजार खुले तो ईद को नजदीक देख सिवइयों की भी खासी दुकानें नजर आईं। खास तौर पर मुन्ने मियां चौराहे पर खासी बिक्री हुई। सिवइयों की बिक्री देखकर लोगों ने भी यही कहा कि अब पता चला कि ईद आ गई।
भइया वह वाला सूट दिखाना
सदर बाजार में बुधवार को फुटपाथ पर भी कपड़ों की खूब बिक्री हुई। इनमें लेडीज सूट के साथ बच्चों के कपड़ों की बिक्री ज्यादा रही। इन सभी दुकानों पर कहीं सोशल डिस्टेंसिंग पाई गई तो कहीं नियम भगवान भरोसे देखे गए। हालांकि त्योहार को लेकर उत्साह जरूर देखने को मिला।
सदर बाजार में ठेले पर खूब बिकते नजर आई नमकीन
सदर बाजार में बुधवार को नमकीन की भी खूब बिक्री होती नजर आई। इस दौरान ईद की तैयारियों में निकले लोग भी इन ठेलों पर नमकीन की खरीद करते नजर आए।