हरदोई। उप्र प्रदेश पॉवर कार्पोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले मोबाइल और फ्यूल भत्ता देने संबंधी मांगों को लेकर गुरुवार को कर्मियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय में प्रदर्शन किया। अधीक्षण अभियंता को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
सौंपे गए ज्ञापन में अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि आउट सोर्सिंग के माध्यम से काम कर रहे कर्मियों के लिए न्यूनतम मजदूरी रुपये 18 हजार निर्धारित की जाए। उन्हें समय समय पर हित लाभ दिए जाएं। विभाग की नीतियों के अनुरूप मस्टर रोल व्यवस्था के तहत समायोजित कर समान कार्य का समान वेतन दिया जाए। कर्मियों के नाम पर किए गए ईपीएफ व ईएसआई घोटाले की जांच कराई जाए। विद्युत लाइन पर काम करने के दौरान होने वाले हादसों में प्रभावित कर्मियों व उनके परिजनों को आर्थिक मदद दी जाए।
आउटसोर्स कर्मियों को मोबाइल व फ्यूल का भत्ता दिया जाए। पदाधिकारियों ने अन्य कई मांगें उठाकर उनके भी निस्तारण की मांग की। इस मौके पर जिला संरक्षक इंद्रसेन त्रिपाठी, जिला महामंत्री ऋषिराम त्रिपाठी, अरुण कुमार श्रीवास्तव, साहिल खान, खालिद व प्रमोद कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।