हरदोई। उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा जिलाध्यक्ष के पद पर एक बार पुन: विमलेश दीक्षित को मनोनीत किया गया है। वे पहले जिलाध्यक्ष हैं जो लगातार पांचवीं बार इसी पद पर चुने गए हैं।
नगर पालिका परिसर स्थित कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाध्यक्ष विमलेश दीक्षित ने कहा कि सात व आठ को मथुरा में प्रांतीय अधिवेशन हुआ था। इसमें प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों का चुनाव हुआ था। इसके बाद अब जिलों के अध्यक्षों का चयन हो रहा है। जिले में संगठन मजबूत है और व्यापारी हित में लगातार कार्य कर रहा है। इसके चलते उन्हें पांचवीं बार अध्यक्ष पद पर दोबारा मौका दिया जा रहा है। इसके अलावा महामंत्री पद पर राजन द्विवेदी को दोबारा मनोनीत किया गया है। उन्होंने बताया कि व्यापारी हित को देखते हुए व्यापार मंडल आगे भी संघर्ष करता रहेगा। व्यापारियों के अधिकारों का हनन कभी नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान युवा जिलाध्यक्ष विभू गुप्ता ने कहा कि एक बार फिर से नेतृत्व मिलने के बाद जिले के कस्बों में जहां कमेटियां नहीं घोषित हैं वहां भी घोषित कराई जाएंगी। निष्क्रिय पदाधिकारियों के स्थान पर सक्रिय व्यापारियों को कमान सौंपी जाएगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष व महामंत्री का नगर अध्यक्ष कैलाश गुप्ता, रजनीश गुप्ता, आलोक गुप्ता, सुमित अग्रिहोत्री, आशीष प्रजापति, किरन सिंघल, सत्येंद्र अवस्थी, महिला जिलाध्यक्ष कंचन मिश्रा, अशोक उपाध्याय, अपूर्व महेश्वरी, अजय टंडन, अनिल गुप्ता आदि मौजूद रहे।