हरदोई। जिले में एक अक्तूबर से धान की खरीद प्रस्तावित है। इसको लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को डीएम ने विपणन विभाग समेत अन्य एजेंसियों के प्रस्ताव पर कुल 54 क्रय केंद्र खोले जाने को स्वीकृति दी है। डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडेय ने बताया कि क्रय केंद्रों को क्रियाशील कराए जाने समेत अन्य तैयारियां की जा रही हैं।
खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के तहत किसानों का धान खरीदा जाना है। शासन से क्रय नीति जारी होने के बाद विपणन विभाग खरीद शुरू कराने की तैयारी में लग गया है। इसी क्रम में सोमवार को डीएम अविनाश कुमार ने विपणन विभाग, पीसीएफ, पीसीयू, एफसीआई व मंडी समिति की ओर से प्रस्तावित किए गए 54 क्रय केंद्रों को खोले जाने की स्वीकृति दे दी है।
प्रस्तावित केंद्रों में 30 सेंटर हरदोई, शाहाबाद, संडीला, सांडी व पिहानी मंडी में खोले जाएंगे। जबकि 24 सेंटर सहकारी समितियों के कार्यालयों व अन्य जगहों पर खोले जाएंगे। डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडेय ने बताया कि यह पहली सूची है। जरूरत के मुताबिक अन्य स्थानों पर केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। बताया कि तय समय पर खरीद शुरू हो, इसके लिए जरूरी तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं।