सड़क के कटान का निरीक्षण करते एसडीएम सवायजपुर दीपक वर्मा। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। रामगंगा नदी के तेज बहाव से चंद्रमपुर गांव में खेतों व सड़क का कटान होने व पांच विद्युत पोल कटकर नदी में समा जाने संबंधी खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद बुधवार को अधिकारियों में हलचल रही। पहले सिंचाई विभाग के अधिकारी व दोपहर में एसडीएम सवायजपुर दीपक वर्मा ने मौके पर पहुंच कर कटान की स्थिति देखी। एसडीएम ने गांव के लोगों को छोछपुर गांव के स्कूल में विस्थापित करने का आदेश दिया है। एक दो दिन में यहां कटान रोकने का कार्य भी शुरू करने की बात कही है।
बारिश व बांधों से छोड़े जा रहे पानी के कारण गंगा नदी समेत गर्रा व रामगंगा के जलस्तर में भी लगातार घटत बढ़त हो रही है। रामगंगा में लगातार पानी घटने व बढ़ने के कारण गांव के किनारे खेतों का कटान होना शुरू हो गया है। पिछले एक पखवारे में 12-14 किसानों की लगभग 40 बीघा कृषि भूमि कटकर नदी में समा चुकी है। यही नहीं कटरी छोछपुर से चंद्रमपुर गांव जाने वाली सड़क का भी कटान शुरू हो चुका है। सड़क का एक हिस्सा कटने के कारण उस पर खड़े पांच विद्युत पोल भी कटकर नदी में समा चुके हैं। इतना होने के बाद भी मंगलवार तक कोई अफसर गांव नहीं पहुंचा था।
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद बुधवार को दोपहर में पहले सिंचाई विभाग के जेई अमित कुमार, राजस्व निरीक्षक जितेंद्र नाथ गुप्ता, लेखपाल हरिश्चंद्र, विपिन कुमार व विनोद यादव आदि ने मौके पर पहुंचे और कटान की स्थिति देखी। सिंचाई विभाग के जेई अमित कुमार ने बताया कि गांव के लोगों को सुरक्षा के दृष्टिगत सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा गया है। नदी के बहाव का रुख मोड़ने के लिए परियोजना तैयार करा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इधर, दोपहर बाद एसडीएम सवायजपुर दीपक वर्मा मौके पर पहुंचे और खेत कटान व मार्ग कटान की स्थिति देखी। एसडीएम ने डीएम अविनाश कुमार को फोन पर स्थिति से अवगत कराया। डीएम से वार्ता करने के बाद एसडीएम ने बताया कि राजस्व निरीक्षक जितेंद्र नाथ गुप्ता से कटान से प्रभावित किसानों की सूची तलब की गई है। फिलहाल सड़क का कटान होने के दृष्टिगत गांव के लोगों को कटरी छोछपुर के स्कूल में शिफ्ट कराने व उनके भोजन समेत अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित कराने के आदेश दिए गए हैं। डीएम के निर्देश पर गुरुवार या शुक्रवार से यहां कटान रोकने के लिए सिंचाई विभाग द्वारा काम शुरू कराया जाएगा। यहां प्रधान अश्वनी श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।