हरदोई जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम भाहपुर सपहा में रविवार सुबह पिता-पुत्र के शव गन्ने के खेत में पड़े मिले। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में करंट लगने से दोनों की मौत होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में भी लिया है। शाहजहांपुर जनपद के अल्हागंज थाना क्षेत्र के ग्राम धर्मपुर पिडरिया के मजरा भाहपुर निवासी सुल्तान उर्फ सुल्लू (43) शनिवार सुबह पुत्र गोविंद (7) के साथ घर से निकले थे।
दोपहर तक वापस घर न पहुंचने पर इनकी तलाश शुरू की गई। रविवार की सुबह पचदेवरा थाना क्षेत्र के भाहपुर सपहा में एक गन्ने के खेत में सुल्तान और उसके पुत्र गोविंद का शव पड़ा मिला। जिस स्थान पर शव पड़े मिले, उसके निकट ही एक बड़ा फार्म हाउस है।
फार्म हाउस से घटनास्थल तक शव खींचकर ले जाने के निशान भी मिले हैं। घटना का पता चलते ही पचदेवरा के प्रभारी निरीक्षक संतोष तिवारी मौके पर पहुंच गए और उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी देने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी।